सतना में गाय को बचाने कुएं में उतरे तीन लोगों की दम घुटने से मौत

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक गाय को बचाने के लिए कुआं में उतरे पांच लोगों में से तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नागौद थाना क्षेत्र के उमरी गांव में एक गाय को बचाने के लिए कल रात कुआं पांच लोग उतरे थे। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गाय को कुएं से बाहर निकालने के लिए गांव के ही निवासी रंजीत दहायत सबसे पहले कुएं में उतरा। उसके बाद अशोक सिंह, रामरतन दहायत और विष्णु दहायत कुएं में उतरकर गाय को बचाने में जुट गए। कुएं में पानी भरा हुआ था और वह काफी गहरा भी था।

किसी वजह से कुएं के अंदर से रंजीत को रस्सी के सहारे ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया और इसके बाद अशोक, विष्णु और रामरतन यह तीनों लोग गाय को बाहर निकलने लगे। गाय सकुशल कुएं से बाहर निकल आई। इसके बाद कुएं के अंदर पानी में उतरे अशोक सिंह, रामरतन दहायत और विष्णु दहायत कुएं के गहरे पानी के बीच में फंस गए।

बताया जा रहा है कि जहरीली गैस के रिसाव के कारण दम घुटने से विष्णु, रामरतन दहायत और अशोक सिंह नामके तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

सतना जिले में नाबालिग बच्ची के दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोलगवां थाना क्षेत्र की बाबूपुर चौकी पुलिस ने नाबालिग बच्ची के दुष्कर्म के मामले में आरोपी महेंद्र द्विवेदी फरार था। पुलिस ने कल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गांजे की खेती के मामले में आरोपी अरेस्ट

मैहर जिले में गांजा की खेती के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमरपाटन थाना क्षेत्र के नौगवां में खेत में लगे गांजे के 24 नग हरे पेड़ मिले है। इस मामले में राकेश कुशवाहा नामके एक युवक को कल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गांजे के हरे पेड़ जब्त कर लिया गया है।