यूएई में फांसी की सजा पाई भारतीय महिला के पार्थिव शरीर को दफनाया

नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक शिशु की हत्या के मामले में फांसी की सजा पायी भारतीय महिला शहजादी खान के पार्थिव शरीर को गुरुवार को दफना दिया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रचार विभाग ने बताया कि यूएई के अधिकारियों के अनुसार नियमों के तहत आज आबू धाबी में भारतीय नागरिक शाहजादी खान को दफनाया गया। उनके दफनाने से पहले, शाहजादी के परिवार के अधिकृत प्रतिनिधियों ने पार्थिव शरीर का सम्मान किया। वे मस्जिद में अंतिम संस्कार की नमाज के साथ-साथ बनियास कब्रिस्तान में दफन में भी शामिल हुए। दूतावास के अधिकारियों ने इस संबंध में अधिकृत प्रतिनिधियों की सहायता की और साथ ही अंतिम संस्कार में भाग लिया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार एक और भारतीय नागरिक मोहम्मद रिनाश अरंगिलोट्टू का भी आज अंतिम संस्कार किया गया। उनके परिवार के सदस्य भी उनके अंतिम सम्मान का भुगतान करने और उनके दफन से पहले नमाज़ में भाग लेने के लिए उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि भारतीय नागरिक शहजादी को यूएई में एक शिशु की हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था और मौत की सजा सुनाई गई थी। यूएई की सर्वोच्च अदालत, कैसेशन कोर्ट ने सजा को बरकरार रखा था। भारतीय दूतावास ने शहजादी को सभी संभव कानूनी सहायता प्रदान की, जिसमें यूएई की सरकार को दया याचिका और क्षमादान अनुरोध भेजना शामिल था।

यूएई के अधिकारियों ने गत 28 फरवरी को दूतावास को सूचित किया कि शहजादी को स्थानीय कानूनों के अनुसार मृत्युदंड दिया गया। शहजादी के परिवार को इस मामले की सूचना दे दी गई है।

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मटौंध की रहने वाली शहजादी को आबू धाबी की अल वथबा जेल में रखा गया था और उसे 15 फरवरी को फांसी दी गई थी।