आबू रोड (सिरोही)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सैनिक और साधक को एक समान बताते हुए कहा है कि सुरक्षा बलों के जवानों के समर्पित होकर काम करने से आज भारत राष्ट्र के रूप में चारों ओर से सुरक्षित है और दुनियाभर में तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद भारत प्रगति कर रहा है।
सिंह ने सोमवार को यहां ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में सुरक्षा सेवा प्रभाग द्वारा शुरू किए जा रहे देशव्यापी स्व सशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण (सेल्फ एम्पॉवरमेंट) अभियान की दीप प्रज्जवलन कर लांचिंग की और पांच दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि हमारे जवान सीमाओं पर महीनों गुजर जाते हैं परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाता है। ऐसे वीर जवानों की वजह से ही भारत के लोग चैन की सांस ले पा रहे हैं। सैनिक घने जंगलों से लेकर ग्लेशियर के बीच लड़ाइयां लड़ते हैं। इसके लिए भुजबल के साथ मानसिक शक्ति होना भी जरूरी है और सैनिक को विपरीत परिस्थिति में लड़ने की ऊर्जा उनके अंतर्मन से आती है। लंबे समय तक विपरीत परिस्थितियों में सेवा करने के कारण सैनिक का मानसिक स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है, ऐसे में ब्रह्माकुमारीज़ का सैनिक के कल्याण के लिए आगे आना सराहनीय कदम है।
उन्होंने एक योगी और सैनिक में खास अंतर नहीं बताते हुए कहा कि साधक के जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य और ध्येय मानवता की सेवा करना ही होता है। सैनिक और साधक दोनों एक सुरक्षित, बेहतर और शांतिपूर्ण समाज की स्थापना के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आज एआई का दौर चल रहा है। हमें देश-दुनिया की पल-पल की खबरें पता चल रही हैं लेकिन हमें यह पता नहीं चल रहा है कि हमारे भीतर क्या चल रहा है। हम पूरी दुनिया की खबर रखते हैं लेकिन अपनी खबर नहीं रखते हैं।
सिंह ने कहा कि वर्षों पहले दुनिया के देशों में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यदि कोई जाकर बोलता था तो भारत की बातों को उतनी गंभीरतापूर्वक नहीं लिया जाता था लेकिन आज भारत का कद और सिर इतना ऊंचा हो गया है कि भारत जब बोलता है तो पूरी दुनिया कान लगाकर सुनती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की थीम आत्म सशक्तकरण से राष्ट्र सशक्तकरण जो अपने आप में बेहद दिलचस्प है।
पूरी दुनिया में फिलहाल इस तरह की स्थितियां हैं। इसलिए यह थीम और भी प्रासांगिक हो जाती है। यह कैंपेन राष्ट्र को और मजबूत करेगा। सिंह ने कहा कि सुरक्षा सेवा प्रभाग लंबे समय से हमारे सेना के जवानों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। संस्थान में पूरे राष्ट्र में अध्यात्म का जो जन-जागरण अभियान चलाया है, उससे समाज को एक सकारात्मक दिशा प्राप्ति हुई है। उन्होंने कहा कि समय की जरूरत है कि चाहे आम नागरिक हों या सैनिक हों, उनके पास आध्यात्मिक शक्ति होनी चाहिए।