दिल्ली में आ रही हैं डबल इंजन की सरकार : गजेन्द्र सिंह शेखावत

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दावा किया है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

शेखावत ने बुधवार को अपने गृह जिले जोधपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार आ रही है और आम आदमी पार्टी जा रही है। उन्होंने राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए कहा कि गमछा घूमाने से न तो सीटें जीती जाती हैं, न सरकार बनती है और न ईआरसीपी बनती है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में दस साल की अमावस की रात समाप्त होने वाली है। उसका आज आखिरी और निर्णायक दिन है। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता ने झूठ नैरेटिव गढ़ने वालों को जान लिया है।

शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एक टिप्पणी से जुड़े सवाल पर कहा कि भारत और भारतवासी जब भी किसी विषय पर गर्व करते हैं, तब इस तरह के संदेह के बादल खड़े कर अशोभनीय और अनावश्यक टिप्पणी की जाती हैं। उनके लिए अपने राजनीतिक लाभ और महत्वाकांक्षा की पूर्ति के लिए टिप्पणी करना कोई नया विषय नहीं है।