गैंगरेप आरोपित पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य आदित्यराज सैनी पद और पार्टी से निष्कासित

देहरादून। उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा में कार्यकारिणी सदस्य आदित्यराज सैनी को उनके पद और पार्टी दोनों से बुधवार को निष्कासित कर दिया गया। सैनी और उनके घरेलू नौकर पर गांव की एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या का आरोप है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आदित्य राज सैनी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे मिले एक किशोरी के शव के मामले में परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर पिछड़ा आयोग के सदस्य आदित्य राज सैनी व ग्राम प्रधान पति और उसके नौकर के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, साजिश सहित प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। भीम आर्मी ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक किशोरी के शव का अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद, भाजपा ने निष्पक्ष जांच और मामले की गंभीरता देखते हुए सैनी को निष्कासित कर दिया।