विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रहा देश : वासुदेव देवनानी

अजमेर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि भारत एक वृहद दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे विश्व में भारत की अलग पहचान बनी है और वर्ष 2047 तक निश्चित रूप से भारत एक विकसित राष्ट्र बन जायेगा।

देवनानी रविवार को यहां नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस वर्कर्स की 19वीं त्रैवार्षिकी ऑल इण्डिया कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने देश को जो सशक्त नेतृत्व दिया है वह हमें पूरी दुनिया में सबसे मजबूत और शक्तिशाली बना रहा है। उन्होंने एलआईसी कार्मिकों का आह्वान किया कि वे देश के लिए क्षज्ञ अपना सम्पूर्ण योगदान दें।

उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम देश की तरक्की और आमजन में सुरक्षा के भाव का एक महत्वपूर्ण अंग है। निगम का बीमा यानि सुरक्षा की गारंटी, आमजन को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने वर्तमान समय एआई का बताते हुए कहा कि एआई और तकनीकी सहायता से अधिक से अधिक आमजन को अपनी सेवाओं का सम्पूर्ण लाभ पहुंचाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोई भी संगठन मांग एवं आंदोलन से जीवित रहता है लेकिन इसे सकारात्मक बनाए रखने की आवश्यकता है। देश में एक नारा प्रचलित है ‘देश के हित में करेंगे पूरा काम, काम के लेंगे पूरे दाम’ यह सोच रखकर हम स्वंय को और संगठन को आगे बढ़ाए। एलआईसी ने देश के उपभोक्ताओं में जो विश्वास व प्रभाव बनाया है वह अपनेआप में अनूठा व अद्वितीय है।