रायगंज विस सीट से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण कल्याणी विजयी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के रायगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कृष्ण कल्याण ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मानस कुमार घोष को 50 हजार से ज्यादा मतों से पराजित किया है।

तृणमूल उम्मीदवार कृष्ण कल्याणी को कुल 86479 मत पड़े। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार को 50077 मतों से हराया। भाजपा उम्मीदवार को 36402 मताें से संतुष्ट होना पड़ा। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के मोहित सेन गुप्ता रहे, उनके खाते में 23116 वोट पड़े।

पिछले लोकसभा चुनाव में रायगंज सीट पर तृणमूल 47 हजार वोटों से पीछे रही थी। कल्याणी पाला बदलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। तृणमूल में उनकी वापसी पर उन्हें लोकसभा चुनाव में टिकट मिला, हालांकि, लोकसभा में वह भाजपा से हार गए। इस बार विधानसभा उपचुनाव में तृणमूल उम्मीदवार ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार को बहुत बड़े अंतर से पराजित किया है।

गिनती की शुरुआत से ही कल्याणी आगे चल रहे थे। जैसे-जैसे दौर आगे बढ़ा उनकी जीत का अंतर भी बढ़ता गया। कुल दस दौर की मतगणना हुई जिसमें कल्याणी ने लगतार बढ़त बनाते हुए घोष को 50077 मतों से हराया।

मतदान के दिन भाजपा प्रत्याशी घोष ने बूथ-टू-बूथ प्रिंटिंग की शिकायत की है। उन्होंने बूथ पर जाम लगने की भी शिकायत की। उन्हें कई बूथों पर जाना पड़ा और परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी वोटरों से वोट डलवाए गए हैं।