सबगुरु न्यूज-आबूरोड। सिरोही जिले के आबूरोड शहर के विकास की चर्चा के लिए बने व्हाटसएप समूह में शुक्रवार रात को एक के बाद एक कई फोटो आने लगे। इस फोटो को वायरल करने वाले भाजपा नेता थे। इस पर अप्रत्यक्ष कमेंट करने वाले भाजपा नेता था। और अलग-अलग समय की इन सभी फोटों में एक जो एक चेहरा कॉमन था वो भाजपा नेता का ही था। दरअसल, इन आधा दर्जन से ज्यादा फोटो के माध्यम से आबूरोड भाजपा के नेता ये इशारा करने की कोशिश कर रहे थे कि कांग्रेस नेताओं के करीबी नेता किस तरह से भाजपा में पद और सम्मान पा रहे हैं।
ये था इन फोटोज में
आबूरोड शहर के व्हाट्सएप समूह में वायरल होने वाली फोटोज में जिस भाजपा नेता का कॉमन फोटो था वो थे नेमीचंद अग्रवाल। अग्रवाल यहां के एक व्यापारी हैं। वायरल फोटोज में अग्रवाल कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ नजर आ रहे हैं। एक अन्य फोटो में वे रेवदर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रहे वर्तमान राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के साथ एक ही माला शेयर करते हुए नजर आ रहे हैं।
इसी तरह की अन्य फोटोज मे वो भाजपा के नेताओं के साथ भी नजर आ रहे हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के साथ नजर आ रहे हैं। सांसद देवजी पटेल के साथ तो उनका गलबहियां करते और हाथ पकडे हुए का फोटो घनिष्ठता की प्रगाढता बता रहा है। इन तस्वीरों के नीचे भाजपा नेता व्यंग्यात्मक अंदाज में लिख रहे हैं कि अबकि बार भाजपा सरकार। इनके नीचे ही एक नेता कमेंट किए हैं कि जिनकी सरकार उनके हम।
आखिर क्यों वायरल हुई तस्वीरें
आबूरोड के प्रमुख व्हाट्स एप समूहों में इन फोटोंज के वायरल होने के पीछे वजह बताई जा रही है 13 फरवरी को भाजपा जिला महामंत्री नरपतसिंह की तरफ से जारी एक मनोनयन पत्र। दरअसल, भाजपा केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने इस बजट में मध्यवर्ग का ध्यान रखने का प्रचार कर रही है। इसे लेकर हर विधानसभा में बजट पर प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन करवा रही है। आबूरोड में ये आयेजन 23 फरवरी को अम्बाजी रोड स्थित होटल हिंद में है। इसमें स्वायत्त शासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा आ रहे हैं।
इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड और भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी के निर्देश के हवाले से जिन लोगों को दायित्व सौपा गया है उनमें नेमीचंद अग्रवाल भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम के लिए नरपत सिंह को संयोजक, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंहल, नेमीचंद अग्रवाल और करण मेवाडा को सह संयोजक बनाया गया है। इसी दायित्व के मिलने के बाद भाजपा आबूरोड में असंतोष बताया जा रहा है। भाजपा नेताओं को आरोप है कि भाजपा के नेताओं को स्वागत करने वाले कांग्रेस के भी करीबी रहे अग्रवाल को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं जबकि लम्बे अर्से से जुडे भाजपा नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है।
पसंद नापसंद के अनुसार भाजपा नेताओं को दरकिनार करने को लेकर आरोप लगना और इस तरह का असंतोष भाजपा में नया नहीं है। जिन राजेन्द्र गहलोत के सान्निध्य में 16 फरवरी को रेदवर में जिला स्तरीय सम्मेलन होना है आबूरोड में वायरल तस्वीरों में इनके साथ भी अग्रवाल की आत्मीय तस्वीर शामिल है। अग्रवाल उस होटल के मालिक भी हैं जहां पर ये कार्यक्रम होना है।
रेवदर में 16 को होगा जिला स्तरीय सम्मेलन
भारतीय जनता पार्टी सिरोही ने केंद्रीय बजट को लेकर मध्यमवर्गीय प्रबुद्धजन व विशिष्टजन का ज़िलास्तरीय सम्मेलन का आयोजन भाजपा ज़िलाध्यक्ष डॉ श्रीमती रक्षा भंडारी की अध्यक्षता व ज़िला संगठन प्रभारी राजेंद्रकुमार गहलोत के सानिध्य में रखा गया है। इसमे पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटारामजी देवासी, सांसद लुंबारामजी चौधरी, विधायक समारामजी गरासिया, ज़िला प्रमुख अर्जुनजी पुरोहित, पुर्व विधायक जगसीरामजी कोली का आतिथ्य रहेगा।
भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सिरोही ने केंद्रीय बजट को लेकर मध्यमवर्गीय प्रबुद्धजन व विशिष्टजन का ज़िलास्तरीय सम्मेलन का आयोजन 16 फरवरी रविवार को होटल रिवर व्यू, रेवदर प्रातः 10 बजे रखा है। जिसमे मध्यम वर्गीय प्रबुद्ध जन, विशिष्टजन, उद्योग एवं व्यापार जगत के बंधु अधिक से अधिक संख्या में पधारे। साथ ही इस कार्यक्रम में समस्त पूर्व व वर्तमान ज़िला पदाधिकारीं, समस्त मोर्चो के ज़िला व मण्डल के पदाधिकारी, समस्त मण्डल अध्यक्ष व मण्डल के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी, समस्त जनप्रतिनिधि व पूर्व जनप्रतिनिधि व पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।