महिला ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष जालान समेत 4 पर लगाया रेप का आरोप

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुभाष जालान समेत चार लोगों पर एक महिला ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि, नौकरी देने के नाम पर भाजपा नेता ने उसकी अस्मत लूटी है। उन्होंने चार लोगों पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।

पीड़ित महिला अपने पति को लेकर सैकड़ों लोगों के साथ बुधवार को कलेक्टर के कार्यालय पहुंची। आरोप लगाने वाली महिला के पति ने धमकी भरे लहजे में कहा है कि अगर उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह कलेक्ट्रेट में ही आत्मदाह कर लेंगे।

जानकारी के अनुसार पीड़िता का पति धन खरीदी केंद्र में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर काम करता था। लेकिन किन्ही वजहों से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह मदद की मांग लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष के पास पहुंची थी।

इस सम्बंध में सुभाष जालान ने बताया कि पूर्णतः राजनीति से प्रेरित आरोप है। पुलिस की जांच में भी प्रथम दृष्ट्या यह स्पष्ट हो गया है कि महिला के पति को हटा दिए जाने के कारण महिला ने फर्जी रिपोर्ट लिखवाया है। जिस 19 अप्रैल की घटना बताई जा रही है उस दिन पुलिस जांच में भी साबित हो गया है कि मैं जांजगीर लोकसभा की प्रत्याशी के नामांकन के लिए जांजगीर में मौजूद था।