मुंबई। मुंबई-पुणे रेलवे मार्ग पर मंकी हिल क्षेत्र के पास रेलवे पटरी पर सूटकेस में बंद एक महिला का सड़ा-गला शव मिला है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुंबई से पुणे जा रही ट्रेन में सवार एक यात्री ने सबसे पहले सूटकेस देखा। ट्रेन के मंकी हिल पॉइंट से गुजरने के दौरान यात्री ने पटरी के पास अजीब तरह से रखे सूटकेस को देखा और रेलवे पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने सूचना मिलने के उपरांत घटनास्थल पर पहुंचकर बैग को अपने कब्जे में ले लिया। बैग को खोलने पर महिला का शव बुरी तरह सड़ी-गली अवस्था में पाया गया, जिस पर उसके साथ अनहोनी का संदेह गहरा गया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आगे की जांच जारी है।
मुंबई हवाईअड्डे पर मादक पदार्थ के साथ महिला अरेस्ट
महाराष्ट्र की राजस्व खुफिया निदेशालय ( डीआरआई ) अधिकारियों ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो किलोग्राम से अधिक कोकीन जब्त करने के बाद एक महिला को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि आरोपी महिला को गिरफ़तार करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार विशेष इनपुट के आधार पर उनकी टीम ने मंगलवार तड़के केन्या की राजधानी नैरोबी से मुंबई आई महिला यात्री को शंका के आधार पर रोककर उससे पूछताछ की गई।
अधिकारियों ने कहा कि महिला के सामान की जांच करने के दौरान बैग से सफेद पाउडर के तीन पैकेट मिले। बरामद पाउडर को मादक पदार्थ मानते हुए फील्ड टेस्ट किट का उपयोग करके इसका परीक्षण किया गया और पैकेटों में कोकीन की पुष्टि हुई।
अधिकारियों ने बताया कि महिला के पास से बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 21 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।