जयपुर। वर्ल्ड बुक का रिकॉर्ड लंदन के प्रतिनिधि प्रथम भल्ला ने गुरुवार को यहां राजस्थान विधानसभा परिसर में राज्य के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को सूर्य नमस्कार का नया विश्व रिकॉर्ड बनने पर अस्थाई प्रमाण पत्र सौंपा।
दिलावर ने इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व रिकॉर्ड बनने पर मैं सभी प्रदेशवासियों विशेष कर बच्चों, युवाओं और उनके अभिभावकों को बधाई देता हूं, जिन्होंने 03 फरवरी को सूर्य सप्तमी के अवसर पर आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग गया और एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष पहली बार पूरे प्रदेश में विद्यालयों में एक साथ सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया था जिसका वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड ने आकलन कर एक करोड़ 33 लाख लोगों के पूरे प्रदेश में एक साथ सूर्य नमस्कार करने का आंकड़ा दर्ज किया था। जो पूरे विश्व में इतनी बड़ी संख्या में सूर्य नमस्कार करने का विश्व रिकॉर्ड था।
दिलावर ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में शिक्षा विभाग द्वारा सभी सरकारी निजी विद्यालयों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के स्कूली बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया और अपने पिछले रिकार्ड को तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड एक करोड़ 53 लाख का बनाया। यह हम सबके लिए गर्व की बात है।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हमारे नौनीहाल स्वस्थ रहें ताकि अपना भविष्य उज्जवल कर सकें। स्वस्थ रहने के लिए यह आवश्यक है कि प्रतिदिन व्यायाम किया जाए। इसलिए विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के बाद सूर्य नमस्कार कराया जाता है। क्योंकि सूर्य नमस्कार सर्व योग है और स्वस्थ तन मन रखने के लिए सूर्य नमस्कार सर्वश्रेष्ठ योग है।